-कहा- कंगना का केस आखिर तक लडूंगी, चाहे जितना मर्जी समय लग जाए
-उन्होंने पूरा जोर लगा लिया जब बात नहीं बनी तब जाकर कोर्ट आईं
भारत भूषण मित्तल
बठिंडा। किसान आंदोलन के समय दिल्ली में चल रहे किसानों के धरने में पहुंची बठिंडा के गांव बहादुरगढ़ जंडिया की बेबे महिंदर कौर ने उनके खिलाफ ट्वीट करने वाली भाजपा सांसद व अभिनेत्री कंगना रनौत के बारे में कहा कि कंगना ने सस्ती शोहरत के लिए ट्वीट किया था। अब उन्हें माफी नहीं मिलेगी। कंगना का केस आखिर तक लडूंगी, चाहे जितना मर्जी समय लग जाए। उन्होंने पूरा जोर लगा लिया जब बात नहीं बनी तब जाकर कोर्ट आईं।
हाल ही में कंगना ने इस मुद्दे पर बठिंडा स्थित अदालत में पेश होकर माफी मांगी थी। कंगना ने किसान आंदोलन के समय महिंदर कौर के बारे में ट्वीट करके कहा था कि ऐसी महिलाएं 100-100 रुपये में शाहीन बाग से लेकर किसान आंदोलन तक धरने में मिल जाती हैं। कंगना के माफी मांगे जाने पर महिंदर कौर ने कहा कि जब उन्होंने ट्वीट किया था तो उसके बाद वह अपने अहंकार में चूर थी। माफी मांगने के बजाय तरह-तरह की बातें कर रही थीं लेकिन अब जब पूरा जोर लगा लिया और कोई बात नहीं बनी तो उसने कोर्ट में आकर माफी मांगी। अगर उन्हें माफी मांगनी ही थी तो उसी समय मांग लेती, उन्हें माफ नहीं किया जा सकता। महिंदर कौर ने कहा कि वह किसान परिवार से हैं। किसानों के हकों के लिए धरने पर मोदी सरकार के खिलाफ डटी थीं। जब तक उनकी सांसें साथ देंगी वह संघर्ष करती रहेंगी।
कंगना को कोर्ट में लाने के लिए लगा चार साल से ज्यादा का समय लगा
बुजुर्ग महिला ने कहा कि कंगना को अदालत तक लाने में उन्हें चार साल लगे। वह दालत में लड़ाई लड़ रही थी जो अब आखिर तक चलेगी। महिला ने कहा कि कंगना ने अपने अहंकार में आकर उनके खिलाफ अनाप-शनाप लिख दिया था लेकिन अब जब वह बठिंडा की अदालत में पेश होने आईं तो उनका अहंकार कुछ कम हुआ था। उन्होंने कहा कि परमात्मा ही अहंकार तोड़ता है। महिंदर कौर ने कहा कि वह मध्यम किसान परिवार से हैं। उनके पास ज्यादा संसाधन या पैसे नहीं हैं लेकिन सीमित संसाधनों के चलते भी उसने कंगना के खिलाफ अदालत में केस दायर किया है। केस के अंत तक इसी तरह से अदालत में उसके खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।