गिरफतारी की मांग को लेकर सिविल अस्पताल बठिंडा के आगे से गुजरते बठिंडा मानसा नैशनल हाईवे पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की ।
- फोटो : अमर उजाला
मौड़ मंडी में दाज दहेज की मांग को लेकर ससुराल परिवार की ओर से विवाहिता की हत्या कर दी गई। विवाहिता के मायके वालों ने उसके ससुराल परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी के लिए बठिंडा-मानसा हाईवे पर जाम लगा दिया।
विवाहिता के भाई दीपक जिंदल ने बताया कि उनकी बहन प्रीति कौर की शादी मौड मंडी निवासी विजय कुमार के साथ हुई थी। उसकी बहन के ससुराल परिवार वाले उसे दहेज की मांग को लेकर परेशान करते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम को उनकी बहन के पति विजय कुमार ने अपने पिता हेमराज और माता व बहनों रीचा, टीना, पिंकी के साथ मिलकर उनकी बहन की गला घोंट हत्या करने के बाद शव को आग लगा दी। उन्होंने बताया कि जैसे ही इस बाबत पड़ोसियों को पता चला तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना उन्हें दी और उनकी बहन को लगी आग बुझाने का प्रयास किया ।
मृतका के भाई ने बताया कि उन्होंने मौड़ मंडी पुलिस को आरोपियों के नाम बताए। इसपर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला तो दर्ज कर लिया लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। मजबूरन उन्हें धरना लगाना पड़ा।
मौके पर पहुंचे एसपी एच डा.नानक सिंह ने धरनाकारियों से बातचीत की और उन्हें आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद धरनाकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया ।