इस्सेवाल सामूहिक दुष्कर्म मामले में सीएफएसएल चंडीगढ़ के सीनियर साइंटिफिक अफसर अखिलेश कुमार, जूनियर साइंटिफिक अफसर शिवानी शर्मा और साइबर सेल मोहाली के इंचार्ज इंस्पेक्टर वेद प्रकाश की गवाही संपन्न हो गई। आज इन तीनों मुख्य गवाहों की गवाही पर बहस होगी।
जिला अदालत की स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट में जज रश्मि शर्मा ने सुनवाई के दौरान मुकदमा जल्द खत्म किए जाने के संकेत दे दिए हैं। अब सिर्फ मुकदमे के दो अहम गवाह तत्कालीन इलाका मजिस्ट्रेट अंकित ऐरी और सिविल अस्पताल सुधार के तत्कालीन मेडिकल अफसर डॉ. इंदरवीर सिंह की गवाही बाकी है। जज अंकित ऐरी ने सेंट्रल जेल लुधियाना में पीड़िता से आरोपियों की शिनाख्त करवाई थी जबकि डॉ. इंदरवीर सिंह ने सभी आरोपियों की मेडिकल जांच की थी।
मंगलवार जिन अहम गवाहों की गवाही हुई है उनमें से डॉ. अखिलेश कुमार ने आरोपियों के मोबाइल से पीड़िता और अन्य महिलाओं की अश्लील तस्वीरों और वीडियो संबंधी रिपोर्ट दी थी। इसके अलावा उन्होंने आरोपियों के स्पर्म स्वैब की रिपोर्ट भी दी थी। घटनास्थल से टायर और फुट प्रिंट्स भी अखिलेश कुमार ने ही इकट्ठा किए थे। शिवानी शर्मा ने मुख्य आरोपी जगरूप सिंह रूपी और पीड़ितों के दोस्त जसप्रीत सिंह जस्सा में फिरौती को लेकर टेलीफोन पर हुई बातचीत के वॉइस सैंपल की रिपोर्ट बनाई थी। साइबर सेल इंचार्ज इंस्पेक्टर वेद प्रकाश ने तमाम फोन लोकेशंस और अन्य साइबर की महत्वपूर्ण रिपोर्ट दी थी।
उधर, हाईकोर्ट के जज राजेश भारद्वाज ने आरोपी सादिक अली, सुरमु, अजय उर्फ लल्लन उर्फ ब्रिज नंदन, सैफ अली और एक नाबालिग की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए इसे 23 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया है। पीड़िता के वकील एडवोकेट हरदयाल इंदर सिंह ग्रेवाल ने कहा कि अब हाईकोर्ट में आरोपियों की जमानत पर 23 अगस्त को होने वाली सुनवाई से पहले ही ट्रायल कोर्ट में फैसला आ जाने के पूरी उम्मीद है। उन्हें महीने से अधिक समय मिल गया है और अब सिर्फ दो गवाह ही बचे हैं। गौरतलब है कि मुख्य आरोपी जगरूप सिंह रूपी को हाईकोर्ट से मिली जमानत के बाद अन्य आरोपी भी जमानत की आस में याचिका दाखिल कर रहे हैं जबकि पीड़ित पक्ष के वकील उन्हें जल्द सजा दिलवाने के लिए जोर लगा रहे हैं।
यहां बताते चले कि नौ फरवरी 2019 की शाम 8 बजे लुधियाना साउथ सिटी की तरफ अपने दोस्त के साथ कार मे घूमने जा रही पीड़िता और उसके दोस्त को आरोपियों ने अगवा कर लिया था। सभी आरोपियों ने सुबह 4 बजे तक पीड़िता से दुष्कर्म किया और दोनों की बहुत मारपीट की थी। आरोपियों ने दोनों को छोड़ने के लिए फिरौती भी मांगी थी। दाखा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।