केंद्रीय जेल मानसा से अमृतसर पेशी पर गए कैदी के फरार होने के मामले में एसएसपी डॉ. नरिंदर भार्गव ने एक इंस्पेक्टर सहित तीन अन्य पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
इससे पहले दो हेड कांस्टेबल सहित तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया था। जिला पुलिस फरारी के कारणों को लेकर जांच कर रही है। मंगलवार को केंद्रीय जेल मानसा में बंद अमृतसर निवासी सौरव प्रताप पांडे को पेशी पर ले जाया गया था। इसके लिए जिला पुलिस की तरफ से लाइन अफसर इंस्पेक्टर भुपिंदर सिंह की ड्यूटी लगाई थी।
उन्होंने सौरव पांडे को ले जाने के लिए एएसआई गुरनाम सिंह सहित हेड कांस्टेबल जसपाल सिंह, कर्म सिंह व कांस्टेबल मंदीप सिंह को ड्यूटी सौंपी थी। सब इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह भी किसी कारण ड्यूटी पर नहीं गए। उनकी जगह एएसआई जगजीत सिंह को भेजने के लिए कहा गया लेकिन एएसआई जगजीत भी ड्यूटी पर नहीं गए। ऐसे में सौरव प्रताप पांडे को हेड कांस्टेबल जसपाल सिंह, कर्म सिंह व कांस्टेबल मंदीप सिंह के साथ अमृतसर पेशी पर भेज दिया गया।
उसे वे एक निजी इनोवा कार में पेशी पर ले गए। पेशी से लौटने के बाद सौरव प्रताप पांडे ने तीन पुलिस कर्मियों को चाय पीने के बहाने नशीली दवा पिला दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
एसएसपी डॉ. नरिंदर भार्गव ने बताया कि इस मामले में लाइन अफसर भुपिंदर सिंह, सब इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह व एएसआई जगजीत सिंह की लापरवाही सामने आई है। लाइन अफसर की जिम्मेदारी है कि वे आरोपी को सरकारी वाहन में भेजते व सुरक्षा के इंतजाम की जांच करते इसलिए तीनों को निलंबित कर दिया गया है।