भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह अपने खिलाफ महिला हाकी खिलाड़ी द्वारा लगाए गए दुराचार के आरोपों के मामले में एसआईटी के सामने पेश हुए। हालांकि इस बारे में किसी को भनक तक नहीं लगने दी गई।
एडीसीपी सतबीर सिंह अटवाल ने कहा कि सरदार सिंह ने अपने बयान में कहा कि वह बेकसूर है और महिला हॉकी खिलाड़ी द्वारा उन पर लगाए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। वह महिला को जानते जरूर हैं, मगर महिला के आरोपों में एक प्रतिशत भी सच्चाई नहीं है। पुलिस अब महिला हाकी खिलाड़ी का पता लगाने में जुटी हुई है।
एक फरवरी को भारतीय मूल की ब्रिटिश महिला हाकी खिलाड़ी ने भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह पर दुराचार और गर्भपात करने का आरोप लगाया था। उसने इसकी मामले की शिकायत थाना कूमकलां में दी थी। इसके बाद पुलिस कमिश्नर परमराज सिंह उमरानंगल ने मामले की जांच के लिए एडीसीपी सतबीर सिंह अटवाल, एसीपी गिल गुरप्रीत कौर पुरेवाल और थाना कूमकलां के एसएचओ की एक टीम तैयार की थी।
पुलिस ने पहले भी सरदार सिंह को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन हरियाणा में जाट आंदोलन के कारण वह नहीं आ सके थे। सरदार सिंह ने पुलिस को कह दिया था कि वह हरियाणा में माहौल ठीक होने के बाद ही आएंगे।