-वर्करों से बोले थे रूपाणी-डट कर करें काम, रिजल्ट आने के बाद जीत का मनाएंगे जश्न
-पदाधिकारियों के साथ भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्त से बात करके दिया था जीत का मंत्र
-
विकास मल्होत्रा
लुधियाना। अभी नौ जून की तो बात थी जब भाजपा के पंजाब प्रभारी और गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी लुधियाना के हलका पश्चिम में भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता के लिए भारतीय जनता पार्टी के वर्करों में जोश का संचार करने आए थे, जाते वक्त बोले थे- अब 23 जून को रिजल्ट के बाद ही मिलेंगे। उस वक्त क्या पता था कि यह उनसे आखिरी मुलाकात होगी। इतनी बात कहते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष रजनीश धीमान रूंधे गले से बताया कि हमको पता होता तो हम उनको गुजरात जाने ही न देते। भाजपा के जिला अध्यक्ष के साथ पार्टी के सभी कार्यकर्ता उनकी प्लेन हादसे में हुई मौत से स्तब्ध हैं।
उनकी कर्तव्य निष्ठा इस कद्र थी कि हलका पश्चिमी के उपचुनाव की वह पल पल की रिपोर्ट ले रहे थे। नौ जून को उनको गुजरात के लिए रवाना होना था तो जाने से पहले भी उन्होंने लुधियाना में पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की। भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता के साथ बैठे और उनको जीत का मंत्र दिया। उनका यह दौरा भाजपा उम्मीदवार और वर्करों में जोश भर गया था। उन्होंने बताया था कि वह पारिवारिक काम से विदेश जा रहे हैं। 23 जून को रिजल्ट आएगा और फिर होगा जीत का जश्न। जिला भाजपा अध्यक्ष रजनीश धीमान ने बताया कि पंजाब प्रभारी विजय रूपाणी लुधियाना हलका पश्चिम के उपचुनाव को लेकर काफी संजीदा थे। वह भाजपा की जीत इसलिए चाहते थे कि पंजाब को तरक्की के राह पर ले जाया जा सके। रजनीश धीमान ने बताया कि नामांकन के बाद से तो विजय रूपाणी लगातार बैठक करके पदाधिकारियों को एक साथ काम करने का मंत्र देते थे और जब दफ्तर का उद्घाटन था तो उसके बाद कई उद्योगपतियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने भाजपा के लिए समर्थन मांगा था।