लुधियाना। शिमलापुरी इलाके में शनिवार की देर रात को एक कुत्ता वहां से गुजर रहे निहंग सिंह पर भौंका तो गुस्साए निहंग सिंह ने अपने पास रखा बरछा गर्दन के आर-पार कर दिया। सूचना मिलने पर पीपल फॉर एनीमल (पीएफए) के सदस्य भी वहां पहुंच गए. जिन्होंने घायल कुत्ते को इलाज के लिए पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के अंदर स्थित जानवरों के अस्पताल पहुंचाया। सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना शिमलापुरी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर निहंग सिंह को हिरासत में ले लिया है।
पीपल फार एनिमल (पीएफए) के सदस्य मनी सिंह, राजन बेदी, अंकित जैन, दीप अरोड़ा तथा गुरजंट सिंह ने बताया कि घटना शिमलापुरी इलाके में शनिवार रात 10 बजे की है। सड़क से गुजर रहे निहंग सिंह पर कुत्तों ने भोंकना शुरू कर दिया। इस पर निहंग ने अपने बरछे से एक कुत्ते के मुंह पर वार कर दिया। बरछा कुत्ते की गर्दन के आर पार होकर फंस गया। उसे निकालने के लिए निहंग ने उसके बार-बार घुमाया। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बरछा निकालने के बाद निहंग सिंह फरार हो गया। घटना का पता चलने पर पहुंची पीएफए टीम ने तकरीबन डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ा और इलाज के लिए पीएयू स्थित अस्पताल में पहुंचाया। थाना शिमलापुरी प्रभारी इंदरजीत सिंह ने कहा कि मामले की शिकायत मिल गई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर निहंग सिंह के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।