पठानकोट आतंकवादी हमले के बाद से राज्य की पुलिस हाई अलर्ट पर है। लुधियाना में भी प्रमुख चौकों और पब्लिक प्लेस पर पुलिस ने रेत की बोरियां लगाकर बंकर बनाकर वहां लाइट मशीन गन सहित पुलिस मुलाजिम की तैनाती की थी। बीस दिन के बाद ही लुधियाना पुलिस सुस्त पड़ गई है।
चौक में लगे बंकर खाली हो गए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और चौंकों में बने बंकर से लाइट मशीन गन सहित मुलाजिम गायब है। चार दिन बाद गणतंत्र दिवस है। ऐसे में जब लुधियाना पुलिस को सतर्कता दिखानी चाहिए उस समय लुधियाना पुलिस सुस्त है। वीरवार को खुफिया एजेंसियों ने फिर पंजाब सरकार को अलर्ट किया है कि आतंकवादी गणतंत्र दिवस के मौके पर पंजाब में कहीं हमला कर सकते हैं।
उनके निशाने पर रेलवे स्टेशन और अन्य जगह हो सकती है। शहर के कैलाश सिनेमा रोड, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, नहर पुल, सिविल अस्पताल के बाहर, चौकी जगतपुरी, ताजपुर रोड इलाके में बने बंकर खाली पड़े हैं। इस मामले में पुलिस कमिश्नर परमराज सिंह उमरानंगल ने कहा कि सारे ही बंकरों में मुलाजिम तैनात किए गए हैं। अगर बंकरों से मुलाजिम नदारद हैं तो जांच करवाई जाएगी। अगर कोई ड्यूटी से गायब पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।