बाल काटने की दुकान करने की आड़ में हेरोइन तस्करी का धंधा करने वाले एक आरोपी को थाना नारकोटिक्स सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने काकोवाल रोड बिजली घर के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने इस मामले में थाना बस्ती जोधेवाल में गांव मांगट निवासी बीर दविंदर सिंह उर्फ रामू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस द्वारा दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हेरोइन तस्करी का धंधा करता है। पुलिस ने आरोपी को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ के दौरान पता चला कि वह हेयर कटिंग की दुकान चलाता है। आरोपी इसी दौरान गलत संगत में पड़ गया और उसने हेरोइन तस्करी का धंधा शुरू कर दिया। आरोपी को काकोवाल रोड पर रहने वाला दीपू नाम का लड़का हेरोइन की खेप देकर जाता है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि दीपू कौन है और वह कहां से हेरोइन लाकर सप्लाई करते हैं।