नेशनल प्लेयर को नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले ट्रैफिक जोन इंचार्ज सब इंस्पेक्टर जगजीत सिंह जाहला पर थाना सलेम टाबरी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। हालांकि सब इंस्पेक्टर की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई। मामला दर्ज होने के दो दिन बाद सब इंस्पेक्टर जगजीत सिंह की पत्नी उनके हक में आ गई हैं। शनिवार को कांग्रेस की सीनियर नेता और वुमन हेल्पलाइन की सिम्मी चोपड़ा पाशान को जगजीत सिंह की पत्नी और उनके साथ पहुंची कुछ महिलाओं ने एक मांग पत्र दिया। इस दौरान जगजीत सिंह की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना उनके पति का पक्ष सुने ही मामला दर्ज कर लिया है। सिम्मी चोपड़ा ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह पुलिस कमिश्नर से जल्द ही मिलेंगे और जांच की मांग करेंगे।
सब इंस्पेक्टर जगजीत सिंह की पत्नी ने बताया कि उनके पति की उक्त महिला से आम जनता की तरह मुलाकात होती थी। वह उक्त महिला के रिश्तेदार से मिलते थे और उन्हीं के जरिये उनसे मुलाकात करते थे। महिला उनके पति को पिछले काफी समय से ब्लैकमेल कर रही थी। इसी के चक्कर में उनके फोन रिकार्ड कर पुलिस अधिकारियों को शिकायत दे दी ताकि उनसे पैसे की मांग की जाए। जगजीत सिंह की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस कमिश्नर द्वारा जांच अधिकारी को दी गई और उनके पति का पक्ष सुने बिना ही मामला दर्ज कर दिया गया। अगर उनके पति का पक्ष सुना जाता तो शायद सच्चाई सामने आ जाती। सिम्मी चोपड़ा ने कहा कि वह पुलिस कमिश्नर से मिलेंगी और मांग करेंगी कि इस मामले की जांच दोबारा की जाए। जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।