सेना के अधिकारियों ने घर पंहुच कर दी परिजनों को जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। ज्यौड़ियां के युवक हर्ष नगोत्रा के चिनाब दरिया में बह कर सियालकोट पाकिस्तान की एक नहर से शव मिलने के बाद परिवार को शव घर पहुंचने की आस जगी है। सोमवार को सेना के अधिकारियों ने हर्ष के घर पहुंचकर परिवार को आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पाक रेंजर्स के साथ हाट लाइन पर बात हुई है।
हर्ष नगोत्रा के परिजनों का रोरो कर बुरा हाल है। जिस दिन से पाकिस्तान से हर्ष का शव मिलने की जानकारी मिली है उस दिन से ही घर परिवार वालों को सांत्वना देने वाले लोगों का भी तांता लगा हुआ है। बता दें कि ज्यौड़ियां निवासी हर्ष नगोत्रा पुत्र सुभाष चंद्र 11 जून से लापता था, 12 जून को परिजनों की तरफ से ज्यौड़ियां पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। हर्ष नगोत्रा एयरटेल कम्पनी में काम करता था और खौड़ क्षेत्र में तैनात था और हर रोज की तरह 11 जून को भी वह ड्युटी पर गया लेकिन घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तालाश शुरू कर दी और उसका मोटरसाइकिल दरिया चिनाब किनारे से मिला था। स्थानीय लोगों तथा पुलिस की तरफ से दरिया चिनाब किनारे पर लगातार दो तीन दिन तलाशी अभियान चलाया। जबकि 13 जून को हर्ष का शव सियालकोट पाकिस्तान में नहर के बीच से मिला।
परिजनों आस आज तब जगी जब भारतीय सेना के अधिकारियों ने परिजनों को जानकारी दी की हर्ष का शव वापस घर लाने के लिए पाकिस्तान रेंजर्स के साथ हाट लाइन पर बात चल रही है।