लुधियाना। शहर में चोरी और लूटपाट के साथ ही अब झपटमारी की वारदातें भी लगातार बढ़ रही हैं। लुधियाना के नूरवाला रोड इलाके में बाइक सवार दो बदमाश दिनदहाड़े महिला से पता पूछने के बहाने सोने की चेन झपटकर ले गए।
शोर मचाने पर जमा हुए लोगों में से दो नौजवानों ने बदमाशों पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। सूचना मिलने के बाद थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गरेवाल कॉलोनी निवासी महक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि महक के अनुसार वह 24 जुलाई को वो अपनी सास कौशल्या देवी के साथ नूरवाला रोड स्थित एक प्ले वे स्कूल गई थी। स्कूल के पास बाइक पर सवार होकर आए दोनों बदमाशों ने पता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया और चेन छीनकर फरार हो गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।