लोहा नगरी के रेलवे मॉल गोदाम पर पिछले काफी साल से उतरने वाले कोयले की धूल से अब किसी भी स्थानीय निवासी को परेशानी नहीं होगी। सामाजिक संस्था विश्वास के सदस्य एडवोकेट जगमोहन डाटा, संदीप गोयल, संजय गोयल के प्रयासों से शहरवासी अब कोयले से उड़ने वाली धूल से निजात हासिल करने जा रहे हैं। स्थानीय जीसीएल क्लब में आयोजित कांफ्रेंस में संस्था के अध्यक्ष रविंदर सिंह पद्म ने विश्वास टीम के इन सदस्यों को सम्मानित किया।
इस मौके पर एडवोकेट जगमोहन डाटा ने बताया कि रेलवे के टीआरएम ने उन्हें ट्वीट कर तीन फरवरी तक मंडी गोबिंदगढ़ के माल गोदाम के लिए कोई माल गाड़ी (रैक) की बुकिंग पर पाबंदी लगा दी है। मंडी गोबिंदगढ़ में उतरने वाला कोयला अब राजपुरा थर्मल प्लांट में सीधा अनलोड होगा। राजपुरा थर्मल प्लांट में रेलवे द्वारा बिछाए गए रेल ट्रैक का काम भी पूरा हो चुका है, जिससे कोयले से लोड मालगाड़ी अब सीधे पावर प्लांट में जाएगी।
डाटा ने बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है कि राजपुरा थर्मल प्लांट में पहली बार कोयले का रैक लगा हो। डीआरएम के नोटिफिकेशन से पहले मंडी गोबिंदगढ़ में जनवरी में 55 रैक की बुकिंग हुई थी। इसमें चार रैक को सीधा डायवर्ट करके पावर प्लांट में भेजा जा रहा है और गोबिंदगढ़ में सिर्फ 51 रैक ही उतरेंगे जिनको 15 मार्च तक का समय लग सकता है। उसके बाद मंडी गोबिंदगढ़ में कोयला उतरना बंद हो जाएगा।
इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष रविंदर सिंह पद्म ने बताया कि कोयले की अनलोडिंग के विरोध में पिछले काफी समय से उनकी संस्था ने धरने प्रदर्शन किए वहीं रेलवे, फतेहगढ़ साहिब के डीसी, मुख्यमंत्री से ऑनलाइन संगत दर्शन, पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड, सेहत विभाग समेत संबंधित विभागों को शिकायतें भेजीं गई। उनकी मेहनत रंग लाई है। इस मौके पर नरिंदर भाटिया, रत्न चंद, राजिन्दर सिंह, राकेश मड़कन, अजय गोयल, डॉ. अमित संदल, विशाल कपिला, राजेश गुप्ता, अजय गोयल, विवेक सिंगला, राजिन्दर गोयल, गगन चोपड़ा, हरपाल सिंह, अवतार सिंह और राजन कक्कड़ भी उपस्थित थे।