अस्पतालों में दाखिल दो मरीजों की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। इनकी पहचान बठिंडा निवासी 30 वर्षीय महिला और मोगा निवासी 34 वर्षीय महिला के तौर पर हुई है। दोनों का इलाज लुधियाना के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था। इसी के साथ चालू सीजन के दौरान स्वाइन फ्लू से मरने वाले मरीजों की संख्या 12 तक पहुंच गई है। सीजन के दौरान 122 संदिग्ध मरीज सामने आए थे। लैब टेस्ट के बाद 22 मरीज पॉजीटिव पाए गए थे। जिला मलेरिया अफसर डॉ. रमेश कुमार ने इसकी पुष्टि की।
शहर के विभिन्न अस्पतालों में सात स्वाइन फ्लू संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से चार मरीज निगेटिव और तीन मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। फरीदकोट निवासी 32 वर्षीय युवक का इलाज डीएमसी अस्पताल में चल रहा है, जबकि लुधियाना निवासी 57 वर्षीय महिला का इलाज सीएमसी अस्पताल और बठिंडा निवासी 34 वर्षीय महिला का इलाज डीएमसी अस्पताल में हो रहा है। डॉ. रमेश का कहना है कि विभिन्न अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए अलग से आइसोलेटेड वार्ड स्थापित किए गए हैं।