गिद्दड़बाहा (मुक्तसर)। गिद्दड़बाहा शहर में शीघ्र ही दूसरी गैस एजेंसी शुरू हो जाएगी। इससे शहर के उपभोक्ताओं को गैस सप्लाई संबंधी आ रही दिक्कतें दूर हो जाएंगी। यह बात विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की पत्नी अमृता कौर वडिंग ने शुक्रवार को विभिन्न वार्डों में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठकों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि गत 2012 विधान सभा चुनाव में उनके पति ने लोगों को शहर की रसोई गैस किल्लत दूर करने के लिए नई गैस एजेंसी लगाने का वादा किया था। उनका यह वादा शीघ्र ही पूरा हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि हलके के गांव कोटभाई में नई गैस एजेंसी चालू भी हो चुकी है। आगामी दिनों में शहर में भी गैस एजेंसी चालू हो जाएगी, इसके बाद लोगों की गैस संबंधी किल्लत दूर हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि गिद्दड़बाहा रेलवे स्टेशन को अपग्रेड करने के तहत दूसरा प्लेटफार्म बनाने का काम फरवरी माह में शुरू हो जाएगा। जिससे यात्रियों को भी मदद मिलेगी। इस मौके पर पंजाब रीजन एफसीआई के सदस्य रजनीश गर्ग नीटा, सोनू मोंगा, साक्ष्शी गर्ग, सोनिया मोंगा, अनिल कुमार विक्की, गुरचरन सिंह हरिके कलां, गुरप्रीत सिंह मनियांवाला आदि भी उपस्थित थे।