बस स्टैंड के बाहर से युवक को अगवा करने के बाद निर्वस्त्र कर वीडियो बनाकर वायरल करने के आरोप में नामजद गैंगस्टर सचिन धींगान को सीआईए टू की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व युवा भाजपा नेता भी रह चुका है। आरोपी के कब्जे से 32 बोर की पिस्तौल और चार कारतूस भी बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की ओर से दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक पुलिस पार्टी ने गिल रोड पर नाकाबंदी कर रखी थी। आरोपी अपनी कार से वहां से जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को सूचना के आधार पर काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन धींगान के खिलाफ कुछ समय पहले ही थाना डिवीजन पांच में उसी के पार्टनर ने मामला दर्ज कराया था। युवक ने आरोप लगाया था कि सचिन धींगान अपने साथियों के साथ मिलकर उसे बस स्टैंड के बाहर से अगवाकर अपने साथ ही सलेम टाबरी दफ्तर में ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे निर्वस्त्र कर वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने उसे वायरल कर दिया। उस समय से ही आरोपी गैंगस्टर सचिन धींगान फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार सीआईए की ओर से रिमांड खत्म होने के बाद थाना डिवीजन पांच की पुलिस आरोपी सचिन धींगान को प्रोडक्शन वारंट पर लेगी।