थाना कनाल कॉलोनी पुलिस ने दो करोड़ चार लाख रुपये की ठगी के आरोप में दो महिलाओं और दो युवतियों समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान कर्मजीत कौर, दविंदर सिंह, युवती मनजोत कौर निवासी मुलतानिया रोड बठिंडा, हाकम सिंह, लवला, युवती अमनदीप कौर निवासी भवानीगढ़, बंत कौर निवासी सुनाम के तौर पर हुई है।
पुलिस को दर्ज करवाए बयान में गुरमीत सिंह निवासी सिविल लाइन बठिंडा ने बताया कि कर्मजीत कौर, दविंदर सिंह और मनजोत कौर ने 2018 में अपने बाकी साथियों के साथ मिलकर पैसे डबल करने का झांसा देकर उससे 75 लाख रुपये लिए और सभी आरोपियों ने उसके दोस्तों एवं रिश्तेदारों को सरकारी नौकरी लगवाने और विदेश भेजने के नाम पर एक करोड़ पच्चीस लाख रुपये और लिए। लेकिन आरोपियों ने न तो पैसे वापस किए और न ही उसके दोस्त या रिश्तेदार को नौकरी पर लगवाया। सभी आरोपियों ने साजिश के तहत उससे दो करोड़ चार लाख रुपये ठग लिए। इसके अलावा आरोपियों ने उसे नौकरी से संबंधित फर्जी कागजात तैयार करके दे दिए थे। थाना कनाल के एसआई कर्मजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने पीड़ित के बयान पर सात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।