लुधियाना। महानगर के पॉश इलाके माडल टाऊन में शनिवार को रात जस्सल फोर्जिंग इंडस्ट्री के मालिक हरि सिंह जस्सल (78) और उनकी पत्नी गुरशरण कौर (76) सहित घर के बाकी स्टाफ को खाने में नशा देकर नेपाली नौकर घर से चालीस लाख रुपये की नकदी के साथ लगभग दस लाख के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया। घरेलू नौकर ने घर में काम करने वाली रुमीला (19), सुमन (16), दो सिक्योरिटी गार्ड खेमा नंद (50) और स्वर्ण सिंह (60) को भी नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। पता उस समय चला जब घर में पाठ का भोग डालने के लिए पाठी आया। अंदर दरवाजे खुले थे तो उसने इसकी जानकारी हरि सिंह के दामाद को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस के आलाधिकारी भी वहां पहुंचे। सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल दाखिल कराया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, जिसमें सारी वारदात कैद थी। बताया जा रहा है कि वारदात में नौकर, उसकी पत्नी के अलावा बाहर से आई महिला सहित चार अन्य साथी शामिल हैं।
हरि सिंह जस्सल की फोर्जिंग इंडस्ट्री के साथ-साथ दो और यूनिट लगे हैं। उनका बेटा चार दिन से घूमने के लिए ऋषिकेश गया है। साथ बहू और बच्चे भी गए हुए हैं। पीछे से हरि सिंह जस्सल, उनकी पत्नी और चार अन्य स्टाफ घर में मौजूद था। शनिवार को रात करीब दस बजे सभी लोग खाना खाने वाले थे। इसी दौरान घरेलू नेपाली नौकर ने खाने में कुछ मिलाकर सभी को खिला दिया। खाना खाने के बाद जब सभी बेहोश हो गए तो नौकर ने अपने साथियों को बुला लिया। जिसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। सूत्रों के मुताबिक घर से करीब चालीस लाख की नकदी, सोने के जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब है।
एक माह पहले ही रखा था नौकर
बताया जा रहा है कि घर में काम करने वाले नेपाली दंपती को बतौर नौकर एक माह पहले ही रखा था। उसे किसकी सिफारिश पर रखा है इसके बारे में पुलिस जांच करने में जुटी है। दोनों हरि सिंह जस्सल के घर में ही रहते थे। शनिवार को रात नेपाली दंपती ने पूरी रैकी की, ताकि पता चल सके कि किस समय वारदात को अंजाम दिया जाए। वह जानते थे कि जस्सल के बेटा बेटा-बहू और बच्चे घूमने गए हैं। नेपाली दंपती की पूरी डिटेल अभी पुलिस ने नहीं दी है।
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी
उद्यमी के घर हुई लूट के बाद पुलिस के आला अधिकारियों की टीम पहुंची। पुलिस ने घर के आसपास लगे सभी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों के आदेश पर कुछ टीमें शहर से बाहर रवाना कर दी गई हैं।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एसीपी सिविल लाइंस जतिंदर चोपड़ा ने बताया कि हरि सिंह जस्सल का बेटा परिवार के साथ तीन चार दिन से घूमने गया हुआ है। उन्हें सूचना दे दी गई है। वह वहां से निकल चुके हैं। उनके आने पर ही पता चलेगा कि आरोपी कितना कैश और कितने जेवरात ले गए हैं। अभी फुटेज के आधार पर कई थ्योरियों पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।