लुधियाना। हथियार दिखाकर राहगीरों से मोबाइल लूटने और चोरी करने वाले चार आरोपियों को थाना दुगरी की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और लूटे हुए विभिन्न कंपनियों के दस मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में शहीद भगत सिंह नगर निवासी संदीप कुमार, गांव सुनैत निवासी अभय शर्मा, फुल्लावाल निवासी संदीप कुमार और गांव सनेत निवासी राजू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चारों आरोपी राहगीरों से हथियार दिखाकर लूटपाट करते हैं और मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। इस समय आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दस मोबाइल बरामद किए। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशा करने के आदी हैं और नशापूर्ति के लिए ही आरोपी लूट की वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है कि वह लूटपाट के मोबाइल किन लोगों को बेचते हैं और कहां कहां उन लोगों ने वारदातों को अंजाम दिया है।