लुधियाना। सराभा नगर की किप्स मार्केट में बुधवार शाम पूर्व मेयर हरचरण सिंह गोहलवढ़िया के बेटे एडवोकेट अमनजोत सिंह के कुछ लोगों ने मारपीट की। आरोप है तीन युवकों ने उनकी पगड़ी की बेअदबी की और चेन भी छीन ली। यहीं नहीं आरोपियों ने उनकी कार का शीशा भी तोड़ दिया। मारपीट में कांग्रेस के मौजूदा डिप्टी मेयर सरबजीत कौर शिमलापुरी के बेटे गुरप्रीत के शामिल होने का आरोप है। एडवोकेट अमनदीप सिंह की शिकायत पर हरजोत सिंह, सिमरतपाल और गुरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं डिप्टी मेयर के पति जरनैल सिंह शिमलापुरी ने आरोपों को गलत बताया है।
एडवोकेट अमनजोत सिंह ने बताया कि वह किप्स मार्केट में बुधवार दोपहर मोबाइल का डाटा ट्रांसफर करवाने के लिए कार से गए थे। कार पार्किंग में लगाते उनकी कार दूसरी कार से मामूली सा टकरा गई। इसके बाद दूसरी कार में बैठे तीन युवकों ने उतरकर उनके साथ बहस शुरू कर दी। उन युवकों में से एक ने कार के शीशे तोड़ दिए और उनसे मारपीट की।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। अमनजोत सिंह का आरोप है कि मौजूदा डिप्टी मेयर के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की है। पूर्व मेयर हरचरण सिंह गोहलवढ़िया का कहना है कि डिप्टी मेयर के पति जरनैल सिंह का उन्हें फोन आया था। उन्होंने कहा कि उनका बेटा इस मारपीट में शामिल नहीं है। वहीं जरनैल सिंह का कहना है कि मामले में नामजद एक आरोपी का नाम उनके बेटे से मिलता जुलता है। उन्होंने इस संबंध में पूर्व मेयर से बात भी की है। उनका बेटा तो सारा दिन फैक्टरी में मौजूद था।
थाना डिवीजन पांच के एसएचओ इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया है। तीनों में से डिप्टी मेयर का बेटा कौन है अभी पता नहीं है। जांच की जा रही है कि डिप्टी मेयर के बेटे की इस मारपीट में शमूलियत है भी या नहीं।