पूर्व पार्षद को आरोपी ने दी धमकी, भतीजा गलत काम करते पकड़ा है बचाने के लिए पैसे दें
आप विधायक ने जब थाना पूछा तो आरोपी ने फोन काट दिया, विधायक ने अधिकारियों को दी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। सोशल मीडिया के जरिये संपर्क कर आम लोगों को तरह-तरह के लालच दे ठगने वाले साइबर ठगों ने सोमवार को पूर्व पार्षद अमृत वर्षा रामपाल को वाट्सअप पर कॉल कर दिया। हैरानी की बात यह है कि जिस नंबर से फोन किया गया, उस वाट्सअप पर पुलिस अधिकारी की फोटो लगी थी। उस पर बात करने वाले ने उनके भतीजे को गलत काम करते हुए पकड़ने का डरावा दिया।
पूर्व पार्षद को जब कॉल आई तो वह आप विधायक के दफ्तर में बैठी थी। आप विधायक ने फोन पकड़कर बात करनी शुरू कर दी। जब उन्होंने आरोपी से थाना पूछा तो आरोपी ने फोन काट दिया। इसके बाद आप विधायक ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को सारी बात बताई और इस बात की शिकायत करने के साथ-साथ आम लोगों को सतर्क रहने के लिए भी अपील की।
पूर्व पार्षद अमृत वर्षा रामपाल आप विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी के दफ्तर में बैठी थी। इसी दौरान उन्हें एक वाट्सअप कॉल आई, जिस पर सब इंस्पेक्टर की प्रोफाइल फोटो लगी थी। पुलिस मुलाजिम की कॉल समझकर पूर्व पार्षद ने फोन उठा लिया। जब आरोपी ने पूर्व पार्षद को उनके भतीजे को गलत काम करते हुए काबू करने की धमकी दी तो पूर्व पार्षद ने आप विधायक को फोन पकड़ा दिया। विधायक फोन पर बात करने लगे तो आरोपी ठग ने उनसे भतीजे का नाम पूछा तो उन्होंने अरविंद बताया तो आरोपी ने इतना कहा कि उनका भतीजा गैरकानूनी काम करते हुए काबू किया है और अब उसकी थाने में पिटाई होगी। अब वह बचाना चाहते हैं तो बचा लें। जब आप विधायक ने आरोपी से थाना पूछा तो आरोपी को शक हुआ और उसने तुरंत फोन काट दिया। इसके बाद आप विधायक ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों के ध्यान में लाकर कार्रवाई की मांग की।