सैकड़ों महिलाओं ने शुक्रवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकाली कलश यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। शहर में पहली बार बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री हनुमंत कथा का आयोजन हो रहा है। यह पांच दिवसीय कथा 26 से 30 सितंबर तक चंडीगढ़ रोड स्थित ग्लाडा ग्राउंड में चलेगी। कथा प्रतिदिन दोपहर तीन से शाम सात बजे तक आयोजित की जाएगी।
कथा के तीसरे दिन पंडित धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं की पर्चियां खोलेंगे, जिसे लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है। इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां मंगलम वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसायटी ने पूरी कर ली हैं। आयोजक समिति के अध्यक्ष वरिंदर सहगल ने बताया कि लुधियाना में यह पहली बार है। कथा में भगवान हनुमान की भक्ति के साथ श्रीराम से जुड़े प्रसंग भी सुनाए जाएंगे। विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और भव्य दरबार भी होंगे। भक्ति, संस्कार, सेवा और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े संदेश भी दिए जाएंगे। श्रद्धालुओं को पादुका पूजन के माध्यम से आशीर्वाद लेने का अवसर मिलेगा। मंदिर में ठहरने वाले साधु-संतों के लिए शुद्ध देसी घी का प्रसाद तैयार करवाया जा रहा है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
आयोजन की व्यवस्थाएं
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग विंग बनाए गए हैं। पहले बैरिकेडिंग विंग में देशभर से आने वाले अति विशिष्ट लोगों के बैठने की व्यवस्था है। दूसरे विंग में करीब 500 साधु-संतों के लिए सीटें आरक्षित रहेंगी। विशेष सहयोग देने वाले परिवारों, वीआईपी पास धारकों और आम श्रद्धालुओं के लिए भी अलग व्यवस्था होगी। कथा के लिए करीब एक लाख वर्गफीट में पंडाल तैयार किया गया है, जहां हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है।
सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान
लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर थ्री-टियर सुरक्षा घेरा रहेगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात होगा। इंटेलिजेंस टीमें सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगी। चंडीगढ़ रोड पर ट्रैफिक जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस पांच दिनों का विशेष रूट मैप तैयार करेगी। आयोजन स्थल पर पेयजल, चिकित्सा सहायता, पार्किंग, प्रवेश और सुरक्षा की अलग-अलग व्यवस्थाएं भी की गई हैं।