मानसा। हरियाणा से बाइक चोरी कर राजस्थान में बेचने का धंधा करने वाले गिरोह के पांच शातिरों को सरदूलगढ़ पुलिस ने दबोच लिया है। उनके पास से 6 बाइक, पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने माना कि ये मोटरसाइकिल उन्होंने सिरसा, फतेहाबाद, रोड़ी व कालियांवाली से चोरी किए थे। अदालत ने आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि सरदूलगढ़ पुलिस ने अवतार सिंह की अगुवाई में सरदूलेवाला में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान मनदीप सिंह विक्की वासी काहनेवाला, संदीप सिंह राजू, विक्की, संदीप सिंह सिद्धू वासी सरदूलगढ़ व अनित वासी फूस मंडी चोरी के बाइक लेकर मीरपुर खुदे की ओर आ रहे थे। संदेह होने पर उन्हें रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में अनित से एक पिस्तौल 315 बोर और कारतूस बरामद हुआ। आरोपियों से चोरी के छह मोटरसाइकिल बरामद हुए। इनमें से एक वारदात में इस्तेमाल की जाती थी। एसएसपी लांबा ने बताया कि अनित कुमार यह मोटरसाइकिल यूपी से लाया था और वारदात के समय अपने पास रखता था। गिरोह के शातिर चोरी के ज्यादातर बाइक राजस्थान में बेचते थे। अब ये पंजाब की ओर आए थे।