पंजाब के लुधियाना में घर से अपनी कार में श्री हरमंदिर साहिब माथा टेककर आते समय श्री करतारपुर साहिब के पास हुए हादसे में परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरा सिविल लाइन इलाका शोक में डूब गया। दस माह पहले जिस इलाके में बच्चों के पैदा होने की खुशियां मनाई गईं, वहीं मातम इस कदर छाया कि हर शख्स की आंखें नम थीं।
घर के दो छोटे बच्चों सहित पांच सदस्यों की मौत हो गई और छठा जिंदगी और मौत की लड़ाई डीएमसी अस्पताल में लड़ रहा है। परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। बाकी के लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंचे हैं और परिवार को संभालने में जुटे हैं।
आसपास के लोगों के घरों में भी पूरा दिन चूल्हा नहीं जला और न ही खाना बना। हर व्यक्ति यही कह रहा था कि सोमवार को बच्चों सहित परिवार के पांच सदस्यों की मौत से इतना झटका लगा है कि कुछ करने का दिल ही नहीं कर रहा।
जाको राके साइयां मार सके न कोई
श्री करतारपुर साहिब में सोमवार को सुबह हुए सड़क हादसे में पूरा परिवार खत्म हो गया। तजिंदर अभी जिंदगी मौत के बीच जूझ रहा है, जबकि सात साल के मनवीर को खरोंच तक नहीं आई। वह हादसे का अकेला गवाह है, जो बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद मनवीर काफी घबराया हुआ है और किसी से बात भी नहीं कर रहा है।
रिश्तेदार और पारिवारिक सदस्य मनवीर से मिल रहे हैं। वहीं सभी को पूरे परिवार की मौत का दुख है। वहीं बच्चों के पैदा होने पर मनाई गई खुशियां भी याद कर रहे हैं कि अभी खुशियां मनाई जा रही थीं कि भगवान ने इतनी बड़ी चोट मार दी। अब परिवार के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है।