जगरांव में फायरिंग के बाद मौके पर जुटे लोग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
जगरांव के मोहल्ला करनैल गेट के नंबर एक में सोमवार सुबह करीब 10 बजे अज्ञात युवक फायरिंग कर फरार हो गए। फायरिंग में किसी भी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।
करनैल गेट गली नंबर 1 के निवासी जसवंत सिंह सोनू ने बताया कि वह सुबह चाय पीने के बाद नहाने के लिए जा रहे थे। तभी उन्होंने मोहल्ले के बाहर बुलेट मोटरसाइकिल के पटाखे मारने की आवाज़ सुनाई दी। जब उन्होंने और उनके भाई ने बाहर जाकर देखा तो उनके घर से कुछ दूरी पर गांव काऊके का रहने वाला गोलू, जगरांव का रहने वाला शेरू, पीत्ती हीरा, दमन आदि के अलावा 6-7 अज्ञात बुलेट मोटरसाइकिल, एक्टिवा एवं अन्य बाइक पर सवार थे।
घर से बाहर निकलते ही गांव काऊके के रहने वाले गोलू ने दोनों भाइयों को मारने की नीयत से उनकी तरफ पहला फायर कर दिया। दोनों भाई उन्हें पकड़ने के लिए उनकी तरफ आगे बढ़े तो आरोपियों ने फिर उनकी तरफ दो और फायर कर दिए। जसवंत सिंह सोनू ने बताया कि इसी बीच उनके मोहल्ले में गश्त कर रहे बाइक पीसीआर की टीम के दो कर्मचारी भी पहुंचे लेकिन इससे पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे।
जसवंत सिंह सोनू के मुताबिक उन्हें मारने की नीयत से आए युवक बुलेट मोटरसाइकिल एक्टिवा बाइक एवं कार में आए थे और अफरा तफरी में वे अपना बुलेट मोटरसाइकिल गली नंबर 3 के बाहर छोड़कर फरार हो गए।
सोनू के मुताबिक उस पर गोलियां चलाने वाले युवकों के साथ उसकी कोई भी रंजिश नहीं है। वहीं सूत्रों के अनुसार, मामला गैंगवार से जुड़ा है। जांच करने पहुंचे थाना सिटी प्रभारी इंद्रजीत सिंह बोपाराय ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करने के साथ साथ मोहल्ले के आस पास के घरों में लगे कैमरों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।