लुधियाना। ताजपुर रोड इलाके में स्थित गत्ता फैक्टरी के गोदाम में देर रात आग लग गई। आग देखते ही देखते भयंकर रूप धारण कर गई। तेज हवा और बारिश के कारण आग भड़क गई, आग की लपटें दूर दूर तक दिखाई दे रही थीं। आग देखकर किसी ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद महानगर के सभी स्टेशनों की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। सौ के करीब पानी की गाड़ियां आग पर डाली गईं, 14 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारण पूरे गोदाम की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। फायर कर्मचारियों को आग पर काबू पाने के लिए गोदाम के पीछे की दीवार भी तोड़नी पड़ी। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं दो सका।
आरएस इंडस्ट्री के मालिक रामपाल गर्ग ने बताया कि उनका गत्ते का गोदाम है, उनके गोदाम में कोई लाइट नहीं लगी हुई। पिछले बीस दिनों से गोदाम बंद पड़ा था, रविवार की देर रात को अचानक गोदाम में आग लग गई। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। हवा चलने के कारण आग ज्यादा फैल गई। इसी दौरान किसी ने इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। एक के बाद एक फायर ब्रिगेड की सभी स्टेशनों से गाड़ियां वहां पहुंचनी शुरू हो गई। सारी रात फायर कर्मचारी आग पर काबू पाने की कोशिश में लगे रहे। आग ज्यादा होने का कारण ऊपर से लेंटर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, फायर कर्मचारियों ने पीछे से दीवार तोड़ी। फायर अफसर राजिंदर कुमार ने बताया कि सौ से ऊपर पानी की गाड़ियां डाली गई थीं। 14 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है। उन्होंने कहा कि गत्ता जलकर पूरी तरह से राख हो चुका है। आग कैसे लगी है इसके बारे में जांच की जा रही है। फैक्टरी मालिक ने बताया कि आग लगने के कारण उनका करीब तीस लाख से ऊपर का नुकसान हुआ है।