लुधियाना में फैक्टरी में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
बहादुर के रोड स्थित एक होजरी फैक्टरी में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रुप धारण कर लिया। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी। जिस समय फैक्टरी में आग लगी, फैक्टरी में छह मजदूर काम कर रहे थे। जो मामूली रुप से झुलस गए।
सभी को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। फैक्टरी के आस-पास मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। इसी दौरान किसी ने इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की दस गाड़ियां मौके पर पहुंची। जिन्होंने तीन से चार चक्कर लगाकर आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाने में करीब चार घंटे लगे। शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार बहादुर के रोड पर अश्वनी निटवेयर फैक्टरी है। शनिवार सुबह फैक्टरी में छह मजदूर काम कर रहे थे, जबकि फैक्टरी मालिक अपने रिश्तेदारों के साथ धार्मिक स्थान पर माथा टेकने गए थे। इसी दौरान फैक्टरी में आग लग गई। जब तक मजदूरों को कुछ पता चलता, आग काफी फैल चुकी थी। उन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए।
उनके शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने वहां मौजूद लोगों के साथ मिल फैक्टरी के अंदर फंसे छह लोगों को बाहर निकाला। सभी मामूली रुप से झुलस चुके थे। फायर अफसर कृष्ण लाल कक्कड़ ने कहा कि फायर ब्रिगेड की दस गाड़ियों ने तीन से चार चक्कर लगाए और चार घंटे के बाद आग पर काबू पाया।