पॉलीवुड में 300 से ज्यादा फिल्मों में किरदार निभाने वाले अभिनेता सतीश कौल का भोग समागम शुक्रवार लुधियाना के मॉडल टाउन गुरुद्वारा साहिब में रखा गया था। समागम में परिवार की ओर से उनकी केयर टेकर सत्या देवी, उनके बेटे और दो-चार करीबी लोग ही पहुंचे।
अंतिम समय में गुमनामी के दौर से गुजरने वाले कौल के अंतिम संस्कार में भी तीन से चार लोग ही पहुंचे थे। हालांकि उस समय मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से पीएमआईडीबी के चेयरमैन केके बाबा उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे, लेकिन शुक्रवार को भोग समागम में कोई बड़ा नाम नहीं पहुंचा।
अभिनेता सतीश कौल को पॉलीवुड का अमिताभ बच्चन कहा जाता था। उन्होंने पंजाबी सहित कई हिन्दी फिल्मों में अभिनय किया था। इसके अलावा बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारों के साथ भी वे अभिनय कर चुके हैं। बीते कुछ समय वे बीमार चल रहे थे और गुमनामी के दौर में लुधियाना में रह रहे थे। कुछ समय वे वृद्धाश्रम में भी रहे। इस बीच उन्होंने आर्थिक हालत खराब होने के चलते लोगों से मदद की गुहार लगाई, तो वे एकाएक चर्चा में आए।
पिछले कुछ सालों से वे दुगरी स्थित किराये के घर में अपनी फैन सत्या देवी के साथ रह रहे थे। वही उनकी केयर टेकर थीं। बीमारी के चलते उन्हें लुधियाना के एक चैरिटेबल अस्पताल में भर्ती कराया गया तो वहां उन्हें कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके बाद 10 अप्रैल को उन्होंने अंतिम सांस ली। अगले दिन कोरोना गाइड लाइन के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी आत्मिक शांति के लिए 16 अप्रैल को भोग समागम रखा गया था, जिसमें चंद लोग ही पहुंचे।