गत वर्ष लगे लॉकडाउन के दौरान हथियार रखने का शौक पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश से 25-25 हजार रुपये में अवैध हथियार खरीदकर लाने वाले दो आरोपियों को सीआईए वन की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 32 बोर के दो पिस्तौल, दो मैगजीन और आठ कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। सीआईए वन की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
एएसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपियों ने अपने पास अवैध हथियार रखे हैं और वह बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। दोनों गांव भट्टियां की तरफ जा रहे है। जिसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर गांव भट्टियां निवासी असलम तरफ गुगली और भट्टियां बेट की निशात बाग कॉलोनी निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में असलम ने बताया कि वह सिलाई का काम करता है, जबकि सुनील ने बताया कि वह बिजली का काम करता है। अपने शौक पूरे करने के लिए गत वर्ष लगे लॉकडाउन के दौरान दोनों उत्तर प्रदेश से 25-25 हजार रुपये में असलहा खरीद कर लाए थे। यूपी के किस जिले से आरोपी हथियार खरीदकर लाए, इसकी पुलिस को जानकारी नहीं मिल सकी है। थाना सलेम टाबरी में दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।