फिरोजपुर। जिला परिषद चुनावों के मद्देनजर पुलिस ने गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया है। सेखों की पत्नी इस बार जिला परिषद का चुनाव लड़ रही है। गिरफ्तारी के बाद अकाली दल के पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह जिंदू की अगुवाई में उसके समर्थकों ने थाना कुलगढ़ी के सामने जीटी रोड पर धरना देकर यातायात ठप कर दिया।
गुरप्रीत सेखों ने गिरफ्तारी से पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर फिरोजपुर देहाती क्षेत्र के विधायक रजनीश दहिया पुलिस हिरासत में लेने के लिए दबाव डाल रहे हैं और उनके खिलाफ गलत रिपोर्ट दर्ज करवा रहे हैं।
डीएसपी ने बताया कि सेखों के खिलाफ किसी शिकायत के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया है। उनका कहना था कि मतदान के दौरान किसी गड़बड़ी से बचने के लिए यह कदम जरूरी था। प्रदर्शनकारियों से बातचीत के बाद डीएसपी ने भरोसा दिलाया कि सेखों को सुरक्षित रखकर केवल चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित होने से रोका गया है और उसके बाद उन्हें रिहा कर दिया जाएगा। भरोसे के बाद धरना समाप्त हुआ और यातायात सुचारू हुआ। यह कार्रवाई चुनावी सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।