लुधियाना में शुक्रवार से शुरू हुए किसान मेले में पहुंचे किसान।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी में शुक्रवार से दो दिवसीय किसान मेला शुरू हुआ। किसान मेले में कनाडा से जनरल कान्सुलेट डॉ. क्रिस्टोफर गिबिनस बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे।
समारोह की अध्यक्षता वाइस चांसलर डॉ. बलदेव सिंह ढिल्लों ने की। गुर काशी यूनिवर्सिटी तलवंडी साबो के वाइस चांसलर डॉ. निछतर सिंह मल्ली विशेष मेहमान रहे। इस दौरान यूनिवर्सिटी के प्रबंधकीय बोर्ड के सदस्य हरदेव सिंह, डॉ. सतबीर सिंह, बीबी कर्मजीत कौर दानेवालिया भी हाजिर रहे।
डा. गिबिनस ने कहा कि उनका परिवार खेती से जुड़ा हुआ है। वह खेती में पेश आने वाली चुनौतियों तथा उनके निपटारे से भली भांति परिचित हैं। किसान मेले में विभिन्न क्षेत्रों में नाम रोशन करने वाले पांच किसानों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर विशेष तौर पर सेवा मुक्त हो रहे खोज निर्देशक डॉ. बलविंदर सिंह और यूनिवर्सिटी के पांच वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया।
स्टूडेंट्स ने लगाया धरना
पंजाब खेतीबाड़ी यूनिवर्सिटी के बीएससी खेतीबाड़ी स्टूडेंट्स ने किसान मेले के मुख्य गेट के बाहर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। रोष प्रदर्शन उस समय शुरू हुआ जब कनाडा से मुख्यातिथि किसान मेले का उद्घाटन करने के लिए पहुंचने वाले थे। स्टूडेंट्स ने कहा कि बीएससी एग्रीकल्चरल 6 वर्षीय डिग्री करने के बाद भी उनका भविष्य सुरक्षित नहीं है।
राज्य सरकार ने ऐसी नई शर्तों को लागू कर दिया है कि वह नौकरी के लिए अप्लाई नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि इस समय खेतीबाड़ी विभाग में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं। उनको रेगुलर आधार पर भरा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को सरकार और संबंधित विभाग ने गंभीरता से न लिया तो फिर आंदोलन को तेज किया जाएगा।