भारतीय जनता पार्टी के पंजाब अध्यक्ष कमल शर्मा द्वारा शुरू किए गए फेसबुक फ्रेंड्स मीट की शृंखला का अगला कार्यक्रम 2 फरवरी को लुधियाना में आयोजित किया जा रहा है।
पार्टी के आईटी सैल के कन्वीनर राकेश गोयल और को-कन्वीनर ध्रुव वधवा ने कहा कि दो फरवरी को बाद दोपहर गुरु नानक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष अपने फेसबुक मित्रों से मिलेंगे। उनसे लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा के 272 प्लस अभियान, चुनावों में भाजपा की रणनीति के संबंध में सुझाव लेंगे, अनुभव सांझे करेंगे और पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों को लेकर उनके मन में आए सवालों का उत्तर देंगे।
शर्मा के फेसबुक पर करीब 33 हजार प्रशंसक हैं। जिनके साथ नेट पर तो संपर्क होता रहता है, परंतु शर्मा द्वारा तीन माह पहले शुरू किए गए फेसबुक फ्रेंड्स के साथ फेस टू फेस कार्यक्रम के तहत वे अपने इन मित्रों से प्रत्यक्ष भी मिलते हैं। इस संबंध में एक कार्यक्रम जालंधर में आयोजित किया जा चुका है।
गोयल ने कहा कि कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए उन्हें पंजाब के साथ-साथ हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कनाडा और दुबई से 500 ई-मेल मिले हैं लेकिन कार्यक्रम की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 250 लोगों को ही निमंत्रण पत्र भेजे गए हैं।
भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा का मानना है कि सोशल मीडिया पार्टी के प्रति जनभावनाएं जानने, पार्टी की नीतियों के प्रति फीडबैक हासिल करने का बेहतर साधन है। इससे पार्टी को अपनी नीतियां बनाने, अपनी गलतियां सुधारने, जनता की अपेक्षाएं जानने का बेहतर अवसर मिलता है।