पंजाब पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए कथित तौर पर काम कर रहे रछपाल सिंह को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
थाना सराभा नगर पुलिस के अनुसार आरोपी फिरोजपुर रोड स्थित किराए की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों तक पहुंचा रहा था। पुलिस को शक है कि कैमरों के जरिए पुलिस और वीआईपी गतिविधियों समेत संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
सब-इंस्पेक्टर अर्शदीप सिंह को गश्त के दौरान मिले गुप्त इनपुट के आधार पर पुलिस ने न्यू सुंदर नगर में मेडीवे अस्पताल के सामने स्थित दुकान पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि कैमरा नेटवर्क का इस्तेमाल अलग-अलग नंबरों से धमकियां दिलाने और पंजाब का माहौल बिगाड़ने के लिए किया जाना था।
पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है। अब उसके स्थानीय मददगारों और स्लीपर सेल से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी को पाकिस्तान से कितनी रकम और किस माध्यम से मिलती थी।