घर में लगी आग और पुलिस हिरासत में आरोपी युवक।
- फोटो : संवाद
पंजाब में नशेड़ी युवक ने अपने ही घर को आग लगा दी। आरोपी युवक अपनी मां से नशा (चिट्टा) खरीदने के लिए रुपये मांग रहा था। मां ने रुपये नहीं दिए तो युवक ने घर को ही आग लगा दी। घर को आग लगाने के बाद युवक भी अंदर बैठ गया और आत्मदाह की धमकी देने लगा। लोगों ने आरोपी युवक की मां को मुश्किल से बाहर निकाला। घटना पंजाब के लुधियाना के हलवारा की है। आग लगने से घर का सामान जैसे फ्रीज, एसी, एलईडी सहित अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया है।
हलवारा के गांव अकालगढ़ कलां में नशा खरीदने के लिए रुपये न होने की वजह से परेशान युवक ने अपने घर को आग लगा दी। आग से लाखों का नुकसान हुआ है। आग बुझाने के लिए भारतीय वायु सेना केंद्र हलवारा और मुल्लांपुर दाखा से दमकल विभाग के कई फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाद आग पर काबू पाया। वहीं, आरोपी को सुधार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी युवक के घर को आग लगाने के बाद देखते ही देखते आग भड़क गई और पूरा घर आग की चपेट में आ गया। आग की बड़ी-बड़ी लपटें उठने लगी। आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और आग को बुझाने का प्रयास किया। वहीं अंदर फंसी युवक की मां राजवंत कौर को निकालने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी लोगों को घर के अंदर दाखिल होने नहीं दे रहा था। इसके बाद घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची दकमल विभाग की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तबतक घर का सारा सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।