दयानंद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सालाना एथलेटिक मीट (स्मैश-2016) का आयोजन किया गया। डीएमसी प्रबंधन समिति के सचिव प्रेम कुमार गुप्ता ने इसका शुभारंभ किया। इस मीट में एमबीबीएस कर रहे विद्यार्थियों ने खेल के मैदान में भी अपने जौहर दिखाए।
मंगलवार को एमबीबीएस के 2012 वर्ष के बैच की टीम ने 2014 बैच की टीम को शिकस्त दी। फुटबाल मैच में 2014 बैच की टीम ने 2011 बैच की टीम को हराया। वालीबॉल में 2012 बैच की टीम ने 2011 बैच की टीम को पटकनी दी। बैडमिंटन में 2014 बैच की टीम ने 2011 बैच के खिलाड़ियों को हराया। बास्केटबाल मैच में 2011 बैच के खिलाड़ियों ने 2013 बैच की टीम को मात दी।
लड़कियों की सौ मीटर रेस में सौम्या ने बाजी मारी, जबकि हर्षिता दूसरे और गुरनीत तीसरे स्थान पर रही। लड़कों की सौ मीटर दौड़ में अमनप्रीत पहले, अभिषेक दूसरे और रमन तीसरे स्थान पर रहे। लांग जंप में गुरनीत सिद्धू अव्वल रहे। रमन दूसरे और उदय बीर भुल्लर तीसरे स्थान पर रहे। लड़कों की 200 मीटर दौड़ में जिवतेश पहले, हर्षान दूसरे और असीम तीसरे स्थान पर रहे।
लड़कियों के मुकाबले में सौम्या ने बाजी मारी, हर्षिता दूसरे और शुभांगी तीसरे स्थान पर रही। इस दौरान अपने संदेश में प्रेम गुप्ता ने कहा कि शारीरिक तौर पर फिट रहने और तनाव को दूर भगाने के लिए खेल अनिवार्य हैं। इससे युवा अनुशासन में रहना सीखते हैं। मीट में कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. संदीप पुरी और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. संदीप शर्मा उपस्थित रहे।