नंगल। नंगल के एनएफएल क्रिकेट मैदान में सुरभि महिला मिलन संगठन ने वार्षिक दिवाली मेले का आयोजन किया। इसका उद्घाटन एनएफएल के मुख्य महाप्रबंधक बीबी ग्रोवर ने किया।
यह मेला देर शाम तक चला और इसमें नंगल व ऊना जिले से सैकड़ों लोग पहुंचे। सुरभि महिला मिलन की अध्यक्षा संध्या ग्रोवर की अध्यक्षता में यह आयोजन हुआ। मेले में विभिन्न कंपनियों के उत्पाद और शहर के मशहूर दुकानदारों के स्टॉल उपलब्ध थे। विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल भी मेले का मुख्य आकर्षण थे। बच्चों के लिए अप्पू घर, घुड़सवारी और रथ सवारी की व्यवस्था थी। युवाओं के लिए बड़े झूले लगाए गए थे। मेले के दौरान विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ। समापन से पहले एक भाग्यशाली ड्रॉ भी निकाला गया। इस मेले से होने वाली कमाई को सामाजिक कार्यों पर खर्च किया जाता है।