राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया द्वारा दायर आपराधिक मानहानि के केस में आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय सिंह और तीन अन्य को समन जारी कर दिया गया है। लुधियाना के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट बिक्रमदीप सिंह ने शुक्रवार को मामले की सुनवाई की। इस मामले की अगली सुनवाई आठ फरवरी को होगी।
बिक्रम सिंह मजीठिया ने 12 जनवरी को लुधियाना की अदालत में संजय सिंह के अलावा एक अंग्रेजी समाचार पत्र के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया था। मजीठिया का आरोप था कि उनके खिलाफ नशे के कारोबार में शामिल होने के बयान देकर उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई है। मजीठिया की तरफ से शुक्रवार को अदालत में उनके वकील दमनबीर सिंह सोबती पेश हुए। मानहानि का केस आईपीसी की धारा 500 और 501 के तहत दायर किया गया है। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के सलाहकार और वरिष्ठ अकाली नेता महेश इंद्र सिंह गरेवाल का कहना है कि मजीठिया ने अदालत में उपस्थिति से छूट हासिल की है। उन्होंने संजय सिंह को अदालत द्वारा समन जारी करने का स्वागत किया।