संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। भारतीय वायुसेना केंद्र हलवारा के समीप स्थित अकालगढ़ गांव के युवा खिलाड़ी दीपेंद्र सिंह ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की दूसरी राष्ट्रीय अराशी एमएमए चैंपियनशिप-2026 में कांस्य पदक जीता है। दीपेंद्र की इस उपलब्धि के बाद गांव और आसपास के इलाके में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अगले महीने होने वाली तीसरी विश्व अराशी एमएमए चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है।
यह चैंपियनशिप लुधियाना की सीटी यूनिवर्सिटी में आयोजित की गई थी। इसमें देश के 15 से अधिक राज्यों के 400 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्गों के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने मुकाबले किए। दीपेंद्र ने सीनियर पुरुष वर्ग में यह पदक हासिल किया। उन्होंने अपने कोच जगजीत सिंह ठीकरीवाल के मार्गदर्शन में कड़ी तैयारी की थी। राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतना उनके परिवार, कोच और पूरे अकालगढ़ क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। दीपेंद्र की उपलब्धि की खुशी में अकालगढ़ की सरपंच मनजीत कौर को एक सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के बाद दीपेंद्र सिंह ने क्षेत्र के युवाओं को महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों की ओर बढ़ने की अपील की। दीपेंद्र ने कहा कि अपनी ऊर्जा और समय को खेल मैदान, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली में लगाएं। उनके अनुसार, खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की राह भी है। अराशी एमएमए महासंघ भी युवाओं को शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर देता है।