इस बार दीवाली पर बच्चों को लुभाने के लिए आकर्षक आतिशबाजी को बाजार में उतारा गया है। इसमें खास तौर पर बाहरी रैपर के साथ आतिशबाजी पर भी प्लास्टिक का भीम लगाया गया है, जो आतिशबाजी के साथ ही आसमान में उड़ेगा। आसमान में जाते ही इससे रंग निकलेंगे।
इसके अलावा बेन टेन और जैस्मीन की तस्वीर वाली चकरी भी बाजार में आ गई है। इसके अलावा दस हजार तक का पटाखा बाजार में उपलब्ध है, जो10 मिनट कर चलेगा। साथ ही इसी रेंज में कोक बम भी शामिल है जो लगातार 15 मिनट तक चलेगा। इसके अलावा अरेबियन नाइट बम भी खास है। यह पहली बार बाजार में आया है। इसे चलाने पर म्यूजिक निकलता है। इसमें से 12 शॉट निकलेंगे और हर शॉट में म्यूजिक बजेगा और बम आसान में जाकर रंग भी बिखेरेगा। बाजार में सलमान खान, जॉन सीना, कैटरीना कैफ, धर्मेंद्र और हेमा मालिनी, ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या, शाहरुख और करीना कपूर की फोटो वाले बम भी दुकानों पर शामिल है।
दाना मंडी में लगी पटाखा मार्केट के दुकानदार नीरज ने बताया कि बाजार में बच्चों से लेकर बड़े व्यक्ति के लिए कुछ नए पटाखे मार्केट में उतारे गए हैं। इस बार खास तौर पर बच्चों के लिए स्टील के टिब्बे में चकरी और अनार आया है। इसमें चकरी को खास तौर पर रंग बिरंगे कागज से सजाया गया है। चकरी के निचले हिस्से में सिल्वर कागज लगाया गया है। इसकी कीमत आम चकरी से 50 रुपये ज्यादा रखी गई है। इसके अलावा हैरी पोटर अनार भी बेहद लुभावना है। इसे चलाने पर तीन तरह के रंग निकलेंगे। इस बार मार्केट में पहली बार गिफ्ट पैक में पटाखे पहुंच गए हैं। इस गिफ्ट में कई तरह के पटाखे शामिल हैं।