ढाई महीने पहले घर से लापता हुए दोराहा निवासी सरबजीत सिंह (27) का शव शनिवार को दोराहा की नहर से उसकी गाड़ी में मिला।
सरबजीत को उसके दोस्त गुरजोत सिंह ने अगवा कर उसकी हत्या कर दी और शव को खुर्द बुर्द करने के लिए गाड़ी को नहर में फेंक दिया। गाड़ी पानी के बहाव से उलटी हो चुकी थी। शनिवार को नहर का पानी कम हुआ तो इनोवा कार के टायर नजर आने लगे। जिस पर राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस ने गाड़ी बाहर निकलवाई तो शव पीछे वाली सीट पर पड़ा था। इस मामले में सरबजीत की मां सुरिंदर कौर की शिकायत पर थाना दोराहा की पुलिस ने सरबजीत के दोस्त गुरजोत के खिलाफ अपहरण कर हत्या और शव खुर्द बुर्द करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।
सरबजीत सिंह के मामा नायब सिंह ने बताया कि सरबजीत सिंह खेतीबाड़ी के साथ टैक्सी भी चलाता था। दस नवंबर की रात को सरबजीत अपने घर सो रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार उसका दोस्त गुरतोज घर के बाहर आया और उसे बुलाने लगा। जब उसने जाने से मना कर दिया तो वह उसे नीचे बुलाने लगा। सरबजीत की मां ने उन्हें अंदर आने को कहा, तो दोनों ही मोटरसाइकिल वहां रख कार लेकर चले गए। नायब ने कहा कि उस दिन के बाद सरबजीत का कुछ पता नहीं चला।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने इस मामले में उनकी कोई मदद नहीं की। शनिवार को उसका शव नहर में गिरी उसकी इनोवा कार की पिछली सीट पर मिला था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस तो कार्रवाई कर मामला रफा दफा करने के चक्कर में थी, लेकिन परिजनों के प्रदर्शन करने के बाद पुलिस ने गुरजोत पर मामला दर्ज किया। थाना दोराहा के एसएचओ जरनैल सिंह ने कहा कि शनिवार की दोपहर को नहर का पानी कम हुआ तो इनोवा कार के टायर दिख रहे थे।
जब पुलिस ने क्रेन की मदद से गाड़ी बाहर निकवाई तो अंदर शव पड़ा हुआ था। जब उन्होंने कार का पता किया तो कार सरबजीत की थी। उन्होंने कहा कि गाड़ी की हालत भी काफी क्षतिग्रस्त है और अंदर शव भी बुरी तरह से गला पड़ा है। गाड़ी और शव कई दिनों से नहर में फेंके लगते है। एसएचओ ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही पता चल सकेगा कि सरबजीत की मौत कैसे हुई है और किस हथियार से उसकी हत्या की गई है। आरोपी गुरजोत सिंह का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।