हंबड़ा बाजार में मनी ट्रांसफर और मोबाइल की दुकान चलाने वाली युवती से लूट का प्रयास हुआ। चाकू लेकर दुकान में घुसे लुटेरे के साथ युवती भिड़ गई। इस पर आरोपी अपना चाकू मौके पर छोड़कर भाग निकला।
विज्ञापन
घटना 22 दिसंबर की बताई जा रही है। चाकू लेकर दुकान में घुसे आरोपी को देखकर एक बार तो युवती डर गई, लेकिन जब आरोपी ने गल्ले में हाथ डाला, तो उसने आरोपी का सिर टेबल पर रख दबा लिया। इसके बाद आरोपी भाग निकला। युवती ने दुकान के बाहर जाकर शोर मचाया लेकिन आरोपी फरार हो गया। सारी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
हंबड़ा मेन बाजार में सोनी वर्मा नाम की लड़की दुकान चलाती है। वह मनी ट्रांसफर करने के साथ-साथ मोबाइल व उससे संबंधी सामान भी बेचती है। 22 दिसंबर को वह दुकान में बैठी थी। इसी दौरान मुंह पर रुमाल बांधे युवक चाकू लेकर दुकान में घुस गया। उसने आते ही युवती को धमकाया। जब आरोपी गल्ले में हाथ डालने लगा तो युवती ने बहादुरी दिखाते हुए युवक को दबोच लिया। खुद की जान फंसती देख वह छटपटाया और चाकू वहीं छोड़कर फरार हो गया।
हाथापाई के दौरान युवती ने आरोपी का रुमाल और टोपी हटाने की कोशिश की। आरोपी पहचान उजागर होने के डर से मौके पर चाकू छोड़कर भाग निकला। युवती की शिकायत पर थाना लाडोवाल के अधीन आती चौकी हंबड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।