लुधियाना के नूरवाला रोड के सन्यास नगर इलाके में बुधवार की रात को देसी शराब पीने के बाद तीन दोस्तों की मौत हो गई। तीनों पार्क में बैठ कर शराब पी रहे थे और कुछ समय बाद ही तीनों उल्टियां करने लगे। इलाके में शोर मच गया कि जहरीली शराब पीने से तीनों की मौत हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी और थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों के साथ मिल तीनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल पहुंचते ही तीनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सन्यास नगर निवासी रिंकू, देबी और मंजू राय के रूप में हुई है। हालांकि थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिवार को दे दिए है और तीनों की विसरा रिपोर्ट जांच के लिए भेज दी गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार तीनों इकट्ठा बैठ कर पार्क में शराब पी रहे थे। शराब पीने के कुछ समय बाद ही तीनों की तबीयत खराब होने लगी और तीनों उल्टियां करने लगे। तीनों के मुंह में से झाग निकलने लगी। इसी दौरान तीनों बेहोश होकर गिर पड़े। रिंकू के परिवार वालों को किसी राहगीर ने बताया कि रिंकू पार्क में गिरा पड़ा है। वह उसे तुरंत उठा कर सिविल अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, देबी और मंजू राय को भी देर रात अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी भी मौत हो गई। शराब पीने से हुई मौत के बाद पुलिस के आलाधिकारी और थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने इलाके का माहौल न खराब हो इसके लिए प्लान बनाया और लोगों को शांत रहने के लिए अपील की गई।
देबी के बड़े भाई करतार सिंह ने बताया कि तीनों लोगों ने साथ बैठकर शराब पी थी। शराब कहां से लेकर आए थे इसकी जानकारी नहीं है। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है। यहां पर चिट्टा और शराब खूब बिक रहा है। न चिट्टा बंद हो रहा है और न ही शराब। पहले अमृतसर के मजीठा में 28 लोग जहरीली शराब से मर गए, अब यहां मर रहे हैं। अभी तक सरकार का कोई नुमाइंदा नहीं पहुंचा है।
मंजू राय के चाचा सुरिंदर पाल ने बताया रात को लड़के शराब पी रहे थे। शराब पीते ही उनके मुंह से झाग निकलने लगे। शराब पीते ही उल्टी होने लगी। कहने लगा कि मुझे घबराहट बहुत हो रही है। इसके बाद वह बेहोश हो गया। उसे सिविल अस्पताल में लेकर गए, लेकिन उसकी मौत हो गई। तीनों मरने वाले एक ही गली के रहने वाले थे। इलाके के लोगों ने कहा कि इलाके में काफी नशा बिकता है।
उधर, नगर निगम के पार्षद गुरमेज सिंह ने कहा कि जहरीली शराब पीने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई। मेरी प्रशासन से विनती है कि नशे पर रोक लगानी चाहिए। लोगों से भी अपील है कि वह जहां भी नशा बिकता देखें तो उसकी सूचना दें। मेरी मांग है कि इन परिवारों को सरकार सहायता दे।
पूर्व मंत्री आशु बोले सरकार की छत्रछाया में बिक रही जहरीली शराब
कांग्रेस नेता भारत भूषण आशू ने कहा कि तीन लोगों की मौत होना बहुत ही दुखद है। इससे पता चलता है कि सरकार कितना संजीदा है। इनकी हर मुहिम बुरी तरह फ्लाप और एक्सपोज होती है। पहले तो चिट्टा बिकता था अब तो जहरीली शराब की बिक्री शुरू हो गई है। कौन है जो सरकार की छत्रछाया में जहरीली शराब बेच रहा है। किसी न किसी तरीके से जहरीली शराब के मामलों को छुपाया जा रहा है। तीन मौतों की मजिस्ट्रेट जांच होनी चाहिए।
क्या कहते हैं पुलिस कमिश्नर
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि नकली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले मेथनॉल से झाग नहीं बनता। तीन लोगों की मौत किसी अन्य कारण से होने का शक है। पोस्टमार्टम के बाद मौत का जो भी कारण सामने आएगा उसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा। उधर, सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. हरप्रीत ने भी बताया कि पोस्टमार्टम के बाद विसरा भेज दिया गया है। जांच के दौरान पता चलेगा कि मौत का कारण क्या है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को सौंप दी जाएगी।