एक महीने पहले खुले रेस्तरां में काम करने वाले नौकरों ने ही हाथ साफ कर दिया। चोर गिरोह के सदस्यों ने वहां से नगदी और सामान चोरी कर लिया। मालिक ने बीस दिन बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना मॉडल टाऊन की पुलिस ने पश्चिम बंगाल के रहने वाले आरोपी सुभाकर सिंह और विश्वजीत दास के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
रेस्तरां मालिक धर्मजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने माडल टाउन में एक महीने पहले बिस्टरों डीआईडी नाम से रेस्तरां खोला था। सुभाकर सिंह और विश्वजीत दास को रेस्तरां खोलने के कुछ दिन बाद काम पर रखा गया था। उन्हें एक साल के एग्रीमेंट पर रखा था। सात मई को उनके रेस्तरां से 75 हजार कैश चोरी हो गया। दोनों नौकर भी वारदात के बाद से गायब थे।
उन्होंने रेस्तरां में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो उसमें दोनों नौकर ऑफिस के अंदर से नगदी चोरी करते दिखे। उन्होंने फुटेज पुलिस को सौंप दी। जांच अधिकारी झिलमिल सिंह ने कहा कि शिकायतकर्ता पहले अपने तौर पर आरोपियों को ढूंढते रहे, जब पुलिस के पास मामला आया तो तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली गई। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसे कब्जे में लेकर दोनो आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।