पखोवाल रोड की सरगौधा कालोनी के होजरी कारोबारी सुरजीत सिंह के घर नौकर के साथ मिलकर 17 लाख रुपये की चोरी करने के एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गगन बहादुर के तौर पर है।
थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने आरोपी से 40 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले का मुख्य आरोपी नेपाली नौकर गोरख बहादुर और रमेश अभी फरार है। पूछताछ में पता चला है कि उनके साथ इस चोरी की वारदात में अजरुन और शेर बहादुर दो आरोपी और भी शामिल थे। इनमें अजरुन को गुजरात से और शेर बहादुर को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया गया था।
पकड़े गए आरोपी गगन को वीरवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि नौ सितंबर 2015 को कारोबारी सुरजीत सिंह साहनेवाल रिश्तेदारी में गए हुए थे। कारोबारी की बुजुर्ग मां और उसका बेटा कोठी में थे। तीन हफ्ते पहले रखा नेपाली नौकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घर से 17 लाख रुपये चुराकर रफूचक्कर हो गए।