किला मोहल्ला के सुनील कुमार ने सोमवार सुबह दरेसी ग्राउंड के साथ लगी पानी की टंकी से कूदकर जान दे दी। सूचना मिलने पर सुनील के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस के आने से पहले ही शव को संस्कार के लिए ले गए। सूचना मिलने के बाद थाना दरेसी की पुलिस ने परिजनों को रोका, लेकिन उन्होंने जबरदस्ती युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार सुनील पिछले कुछ दिनों से दिमागी रुप से परेशान चल रहा था। सोमवार सुबह वह घर से बिना किसी को बताए निकल गया और दरेसी ग्राउंड के साथ बने पार्क में लगी पानी की टंकी से कूद गया। परिजन शव को संस्कार के लिए शमशानघाट ले गए। वहां पर पुलिस ने संस्कार को रुकवा दिया।
परिजनों ने पहले पुलिस से कहा कि वह कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते, लेकिन पुलिस ने तर्क दिया कि वह अधिकारियों से बात करेंगे और एसडीएम के आने के बाद ही संस्कार हो सकेगा। इस बात पर परिजनों और पुलिस के बीच बहस हो गई। इसी दौरान परिजनों ने युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
सूचना मिलने पर एसीपी सौरव जिंदल मौके पर पहुंचे तो परिजनों ने उनसे कहा कि वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते। एसीपी सौरव जिंदल ने कहा कि वह घटनास्थल पर गए थे, लेकिन पहले ही संस्कार हो चुका है। परिजनों ने लिखित रुप से कह दिया है कि वह कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते।