जिले में किसानों की खुदकुशी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस वर्ष कई किसान और मजदूर खुदकुशी कर चुके हैं। पहले किसानों की नरमे की फसल खराब हुई अब बेमौसमी बारिश से गेहूं की फसल खराब होने के कारण किसानों की चिंता बढ़ रही है।
सोमवार रात गांव बुर्ज ढिल्लवां के किसान गुरजीत सिंह (25) पुत्र बलदेव सिंह ने अपने खेत में जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली। किसान के भाई जगतार सिंह ने बताया कि गुरजीत सिंह के पास दो एकड़ जमीन थी। कुछ एकड़ जमीन ठेके पर लेकर उसने नरमे की फसल उगाई थी। अब गेहूं की फसल बारिश के कारण खराब हो गई है।
उन्होंने बताया कि किसान पर करीब पांच लाख आढ़ती व बैंक का कर्ज था। गांव के अकाली नेता गुरमीत सिंह निक्का ने बताया कि किसान के सिर पर कर्ज था जिससे परेशान होकर किसान ने खुदकुशी कर ली है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।