बैंक से पेंशन लेकर घर जा रही मॉडल टाउन की बुजुर्ग दलजीत कौर (72) को घर के पास लुटेरा गिरोह के सदस्यों ने अपना निशाना बनाया। जब दलजीत कौर ने पर्स नहीं छोड़ा तो लुटेरे उन्हें काफी दूर तक घसीटते ले गए और उनसे पर्स छीन लिया। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना मॉडल टाउन की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की छानबीन की। लुटेरा गिरोह के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
दलजीत कौर ने कहा कि उनके पति मनोहर लाल पावरकॉम में एक्सईएन थे। उनकी कुछ समय पहले मौत हो गई। उनकी पेंशन उनके खाते में आती है। वीरवार वह पैदल ही बैंक से पेंशन के पैसे निकलवाने गई थीं। इसके बाद वह पावरकॉम ऑफिस गई, जहां से वह पैदल ही अपने घर जा रही थीं। घर से कुछ दूरी पर ही सामने से बाइक पर आ रहे दो युवकों ने उनका पर्स छीन लिया।
जब उन्होंने पर्स नहीं छोड़ा तो लुटेरे काफी दूर तक उन्हें घसीटते ही ले गए। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन लुटेरे उसका पर्स लेकर भाग निकले। पर्स में 95 सौ रुपये की नगदी, बैंक कापी और अन्य सामान था वह आरोपियों के बाइक का नंबर तक नहीं नोट कर पाई। घटनास्थल के नजदीक एक घर के बाहर कैमरे लगे थे, मगर वह खराब थे। अब पुलिस आसपास और सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। मामले की जांच कर रहे एएसआई झिलमिल सिंह ने कहा कि लुटेरा गिरोह के दो सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।