शहर के चौड़ा बाजार में मंगलवार की रात चोरों ने छह दुकानों के ताले तोड़कर लाखों का सामान और नगदी पार कर दी।
एक
ही रात में छह दुकानों में चोरी होने से कारोबारियों में रोष है। घटनास्थल
से कुछ दूरी पर स्थित घंटाघर चौक पर भी 24 घंटे पीसीआर दस्ता तैनात रहता
है। थाना कोतवाली भी नजदीक है। बुधवार सुबह जब बाजार खुलनी शुरू हुई, तब
वारदात का पता चला। मार्केट में एक साथ 6 दुकानों में चोरी का पता लगते ही
दुकानदार एकत्रित हो गए। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही
एसीपी रमनीश चौधरी, थाना कोतवाली के प्रभारी गुरप्रीत सिंह पुलिस पार्टी के
साथ मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी।
चौड़ा बाजार
स्थित रीगल शू स्टोर के मालिक अशोक कुमार के मुताबिक चोर उसकी दुकान के
अंदर छत के जरिये दाखिल हुए। चोरों ने दुकान से तकरीबन 1 लाख कैश चुरा
लिया। साथ ही उसकी दुकान में चोरों ने कपड़े व जूते भी बदले। चोरों के
पुराने कपड़े व जूते उसकी दुकान की दूसरी मंजिल पर पड़े मिले।
स्वदेश
शू मर्चेंट के मालिक राजेश कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में 5-7 हजार कैश
और करीब 25 जोड़ी जूते चोरी कर ले गए। संत स्टील स्टोर के जगजीत सिंह के
मुताबिक चोर उसकी दुकान से 25 हजार कैश, गोलक में पड़े 8 हजार और बर्तन
चोरी कर ले गए। संत बर्तन स्टोर के रिंकू के मुताबिक उसकी दुकान से चोर
करीब 1.5 लाख रुपये और कुछ बर्तन ले गए। दयालबाग फुटवियर के मालिक आरपी
सिंह का कहना है कि दुकान में कैश नहीं था। चोर जूते चुरा ले गए हों तो
उसका पता नहीं।
दयालबाग डिजाइनर के तजिंदर सिंह के मुताबिक उसकी
दुकान में भी कैश नहीं था। उनकी दुकान से नई पैंट व शर्टें चोरी हुई हैं।
दुकान में इतना माल पड़ा है, जिससे अंदाजा नहीं लगाया जा सकता की कितने पीस
चोरी हुए हैं। आसपास किसी भी दुकान के अंदर या बाहर कोई सीसीटीवी कैमरा
नहीं लगा है। इससे चोरों और घटना के समय का पता नहीं चल सका। पुलिस चोरों
का सुराग लगाने में जुट गई है।