खन्ना के डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) मोहित सिंगला ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान ऐसे साक्ष्य सामने आए, जिनसे पता चला कि शगनप्रीत सिंह के माता-पिता विदेश में बैठे अपने बेटे के संपर्क में थे। इसके अलावा वे वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों और उनके नेटवर्क से भी जुड़े हुए थे।
खन्ना में एक मई की सुबह प्रेम वैष्णो ढाबा पर हुई फायरिंग और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने गायक सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर शगनप्रीत के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
शगनप्रीत के पिता सौदागर सिंह और माता दलजीत कौर को उनके पैतृक गांव चढ़ी जिला फतेहगढ़ साहिब से गिरफ्तार किया। दोनों को इस मामले में साजिशकर्ता के तौर पर नामजद किया गया है।
जानकारी के अनुसार शगनप्रीत सिंह लंबे समय से विदेश में रह रहा है। पुलिस का दावा है कि उसके माता-पिता लगातार उसके संपर्क में थे और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों तथा उनके सहयोगियों के साथ भी संपर्क बनाए हुए थे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी शगनप्रीत सिंह के माता-पिता का नाम खन्ना के पायल और दोराहा क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटनाओं में सामने आया था। उन मामलों में पुलिस ने दोनों को नामजद किया था। गिरफ्तारी के बाद सौदागर सिंह को अदालत से जमानत मिल गई थी, जबकि दलजीत कौर भी जमानत पर बाहर थी। अब प्रेम वैष्णो ढाबा फायरिंग और फिरौती मामले में दोनों को दोबारा नामजद कर गिरफ्तार किया गया।
खन्ना के डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) मोहित सिंगला ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान ऐसे साक्ष्य सामने आए, जिनसे पता चला कि शगनप्रीत सिंह के माता-पिता विदेश में बैठे अपने बेटे के संपर्क में थे। इसके अलावा वे वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों और उनके नेटवर्क से भी जुड़े हुए थे। पुलिस को मिले सबूतों के आधार पर दोनों को मामले में साजिशकर्ता के रूप में नामजद किया गया और गिरफ्तार किया गया है।
डीएसपी सिंगला ने कहा कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस के पास कई महत्वपूर्ण तकनीकी और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं, जिनके आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है।
एक मई को हुई थी फायरिंग
उल्लेखनीय है कि 1 मई को खन्ना स्थित प्रेम वैष्णो ढाबा पर फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। इस मामले में फिरौती मांगने के आरोप भी सामने आए थे। पुलिस ने घटना के बाद जांच तेज करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब शगनप्रीत सिंह के माता-पिता की गिरफ्तारी को इस मामले में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।