जिले के गांव कर्मगढ़ छत्रा में मीट विक्रेता सुरजीत राम ने चौकी बल्लुआणा
में तैैनात हवलदार गमदूर सिंह पर मीट के पैसे मांगने पर चौकी ले जाकर पीटने
का आरोप लगाया है ।
एसएसपी बठिंडा को दी शिकायत में सुरजीत राम
ने बताया कि वह गांव कर्मगढ छत्रा में मीट की दुकान चलाता है। पुलिस चौकी
बल्लुआणा में तैैनात हवलदार गमदूर सिंह उस से सप्ताह में तीन बार मीट व
मुर्गा ले जाता रहा है लेकिन कभी पैसे नहीं दिए।
शुक्रवार देर शाम
गमदूर सिंह ने अपने परिचित तीन लोगों को उसके पास से मीट लाने के लिए भेजा।
उसने उन लोगों को एक किलो मीट दे दिया जब उसने पैसे मांगे तो उन्होंने
हवलदार को दुकान पर बुला लिया । युवक ने बताया कि हवलदार ने आते ही उसको
गाली देना शुरू कर दी और उसको पुलिस चौकी में ले जाकर मारपीट की और उसकी
जेब से 3500 रुपये भी निकाल लिए।
उससे खाली कागज पर हस्ताक्षर
करवाकर घर भेज दिया । युवक ने आरोप लगाया कि उसे शक है कि उक्त पुलिस कर्मी
उसे किसी झूठे केस में फंसा सकता है।
उधर थाना सदर प्रभारी परमजीत
सिंह का कहना था कि मामला उनके ध्यान में है लेकिन युवक जो आरोप पुलिस
कर्मी पर लगा रहा है वह गलत है वह मामले की जांच कर असलियत सामने लाएंगे ।
एसएसपी बठिंडा का कहना था कि वह जांच करवा लेगें कि पूरा मामला क्या है।